अमृतसर में जन्मे भारतीय विदेश सेवा (IFS) अधिकारी अनमोल शेर बेदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र की प्रथम समिति की कार्यप्रणाली पर हुई बहस में भारत का पक्ष रखा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में तैनात बेदी ने बहुपक्षीय व्यवस्था में भरोसा मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया।
UNSC सुधार को बताया अहम
बहस के बाद ‘एक्स’ पर अपनी बात रखते हुए बेदी ने कहा कि बहुपक्षीय व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत आपसी भरोसा है। उन्होंने कहा कि इसे बहाल करने की शुरुआत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) से होनी चाहिए, जहां सुधार की सबसे ज्यादा जरूरत है।
भारत लंबे समय से सुरक्षा परिषद में सुधार की मांग करता रहा है। भारत का तर्क है कि मौजूदा ढांचा आज की वैश्विक वास्तविकताओं और विकासशील देशों के हितों को पर्याप्त रूप से प्रतिबिंबित नहीं करता।
संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति निरस्त्रीकरण और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करती है। अनमोल शेर बेदी इससे पहले जैविक हथियार सम्मेलन के कार्यसमूह में ‘फ्रेंड ऑफ द चेयर’ की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
