EC दफ्तर से सिर्फ 100 मीटर दूर विपक्ष का धरना, राहुल गांधी ने पूछा- मिलने से क्यों रोका?

चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस समेत विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को तेज हो गया। दिल्ली में विपक्षी सांसद संसद से निर्वाचन आयोग के दफ्तर की ओर मार्च करते हुए पहुंचे, लेकिन उन्हें आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया गया। इसके बाद राहुल गांधी ने वीडियो जारी कर सवाल उठाया कि जब विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलने पहुंचे हैं, तो उन्हें मिलने से क्यों रोका जा रहा है?

राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा के 300 से ज्यादा विपक्षी सांसद चुनाव आयोग से मिलने पहुंचे हैं। वे मतदाता सूची और SIR से जुड़े सवाल आयोग के सामने रखना चाहते हैं। देश के करोड़ों लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाले सांसदों को आयोग के दफ्तर तक जाने से क्यों रोका जा रहा है।

वीडियो के कैप्शन में राहुल गांधी ने लिखा, “आज 300 से अधिक विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलने के लिए संसद से चुनाव आयोग तक मार्च करके पहुंचे। हम करोड़ों भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं। चुनाव आयुक्त हमसे मुलाकात क्यों नहीं कर रहे हैं? पुलिस हमें रोक क्यों रही है और धमकी क्यों दे रही है?”

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया। इसके बाद नेता वहीं धरने पर बैठ गए। बताया गया कि चुनाव आयोग का कार्यालय प्रदर्शन स्थल से करीब 100 मीटर दूर था। इलाके में BNSS की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू थे।