SIR के खिलाफ विपक्ष का हल्लाबोल, हिरासत में EC मुख्यालय जा रहे राहुल-प्रियंका समेत कई नेता

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्षी इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया। संसद मार्ग से निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर बढ़ रहे मार्च को पुलिस ने बीच में ही रोक दिया, जिसके बाद कई सांसदों और नेताओं को हिरासत में लिया गया।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद प्रदर्शनकारी सांसद सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। इसी दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और टीएमसी के अभिषेक बनर्जी पुलिस बैरिकेड पर चढ़ गए। प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर बस में बैठाया गया, लेकिन वह कुछ ही देर बाद बस से उतर गईं।

राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और दीपेंद्र हुड्डा पुलिस की रोक के बावजूद आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और काफी देर तक एक पेड़ के नीचे बैठे रहे। मौके पर पुलिस बल के साथ डीसीपी सचिन शर्मा भी पहुंचे और नेताओं को वहां से हटाने की कोशिश की।

मार्च के दौरान विपक्षी सांसदों ने ज्ञानेश कुमार को आरएसएस की गणवेश में दिखाने वाले कटआउट लेकर प्रदर्शन किया। नेताओं ने “भाजपा, CEC एक है”, “वोट चोर, गद्दी छोड़” और “लोकतंत्र बेचना बंद करो” जैसे नारे लगाए। विपक्ष SIR रद्द करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग पर अड़ा है।