पंजाब के बंगा-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गांव मजारी के पास मनाली से अमृतसर जा रही निजी कंपनी की वोल्वो बस अनियंत्रित होकर एलिवेटेड रोड से नीचे गिर गई और पलट गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल बताए जा रहे हैं। करीब 21 यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी है।
हादसे में मृतकों की पहचान केरल निवासी और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) की छात्रा जाशना जॉर्ज, लुधियाना निवासी आदित्य और अमृतसर निवासी सीए विशाल के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही बंगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल बंगा तथा गुरु नानक मिशन अस्पताल, ढांहा क्लेरा पहुंचाया। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कई घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद आने और तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
